crime
शादी के नाम पर 8 लाख रुपए की ठगी:बीमारी का बहाना कर भागी, युवती और दलाल को महाराष्ट्र से किया गिरफ्तार
डूंगरपुर में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक युवती और शादी कराने वाले दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक से शादी के बदले 3.50 लाख रुपए लिए थे, जिसके बाद युवती बीमारी का बहाना बनाकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार को शादी में कपड़े, जेवरात और अन्य खर्च मिलाकर करीब 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ। यह घटना सागवाड़ा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार खड़गदा निवासी हकरजी पाटीदार ने 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे किशोर की शादी नहीं हो रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र के नागपुर जिले के आरौली थाना क्षेत्र निवासी संदीप मातरे ने उनसे संपर्क किया और 3.50 लाख रुपए में शादी कराने की बात कही। रुपए लेने के बाद संदीप महाराष्ट्र से अश्विनी पुत्री सुधाकर बावणे, निवासी धामनगांव, तहसील अटेपपुर, जिला नागपुर को लेकर आया। 1 मार्च को खड़गदा क्षेत्र के क्षेत्रपाल मंदिर में उनकी शादी कराई गई। शादी के कुछ दिन बाद अश्विनी बीमारी का बहाना बनाकर अपने मायके चली गई और वापस लौटने से इनकार कर दिया। जब पीड़ित परिवार उसे लेने गया, तो वह घर से भी फरार हो गई। पुलिस पूछताछ में दलाल संदीप मातरे के ठगी के तरीके का खुलासा हुआ। वह आसपास की युवतियों को पैसे देकर शादी के लिए तैयार करता था। कुंवारे युवकों से संपर्क कर वह शादी के बदले बड़ी रकम लेता और उसका कुछ हिस्सा युवती को देता था। शादी के बाद युवती कुछ दिन ससुराल में रहती और मौका मिलते ही रुपए व जेवर लेकर फरार हो जाती थी। इसके बाद वह दोबारा दलाल के संपर्क में आ जाती थी। पुलिस ने तकनीकी सहायता से युवती अश्विनी और दलाल संदीप का पता लगाया। दोनों को महाराष्ट्र से तलाश कर सागवाड़ा थाने लाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
Read full article on Bhaskar