politics
समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है- मंत्री धर्मवीर प्रजापति:बोले- छोटी-छोटी बातों को मुद्दा बनाने पर जनता भ्रम में नहीं आने वाली
प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति सोमवार शाम करीब 4 बजे फिरोजाबाद के जैदामई गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर प्रदेश सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। इटावा लायन सफारी को लेकर अखिलेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए गए मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है और छोटी-छोटी बातों को मुद्दा बनाकर जनता के बीच आने का प्रयास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान सपा ने संविधान को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम किया, जिसमें पार्टी कुछ हद तक सफल भी रही। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अब जनता जागरूक हो चुकी है और ऐसे किसी भ्रम में आने वाली नहीं है। मंत्री ने कहा कि सपा अलग-अलग जातियों को जोड़कर राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता सब कुछ समझ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर सरकार के कामकाज को देख रही है। सपा नेता अबू आजमी द्वारा अतीक अहमद के बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत की विशेष जांच की मांग पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि जांच एजेंसी या पुलिस के पास इस संबंध में कोई प्रार्थना पत्र आता है तो नियमानुसार जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित जांच एजेंसियां अपने स्तर से कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगी। धर्मवीर प्रजापति ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी दावा किया कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास और जनकल्याण के कार्य कर रही है और इसी के चलते जनता का समर्थन सरकार के साथ बना हुआ है।
Read full article on Bhaskar