politics
SP से बोली महिला-पति ने स्टेशन पर मेरा रेप किया:झांसी में कहा-हाईकोर्ट से मेरा पीछा करते हुए आया था, वेटिंग रूप में दिया घटना को अंजाम
झांसी के पड़ोस के जिले ललितपुर की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में रेप करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि दोनों के बीच वैवाहिक विवाद को लेकर हाईकोर्ट में मामला चल रहा है। 15 सितंबर को हाईकोर्ट में मिडिएशन के बाद वह प्रयागराज से ट्रेन से लौट रही थी। आरोप है कि उसका पति, जो रेलवे में लोको पायलट है, प्रयागराज से ही उसका पीछा करने लगा। मानिकपुर स्टेशन पर बात करने के बहाने उसे ट्रेन से उतारा और वेटिंग रूम के बेबी फीडिंग रूम में ले जाकर जबरदस्ती की। महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने मानिकपुर जीआरपी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। मामला झांसी जीआरपी के एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव के संज्ञान में आने के बाद महिला को शनिवार को झांसी बुलाया गया। यहां उसके बयान दर्ज किए गए। पुलिस अब स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है। 25 जून 2023 को हुई थी शादी महिला ने बताया कि उसकी शादी 25 जून 2023 को मध्यप्रदेश के सतना जिले के रहने वाले रेलवे लोको पायलट से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति उसे अपने साथ किराए के कमरे में ले गया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान पति का दूसरी महिला से संबंध होने की जानकारी हुई। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही थी। महिला का कहना है कि कुछ समय बाद पति ने उसे दोबारा साथ रखने की बात कही तो वह उसके साथ चली गई। आरोप है कि इसके बाद भी पति ने उसके साथ मारपीट की। इसी विवाद को लेकर उसने पति के खिलाफ न्यायालय में मामला दर्ज कराया। बाद में मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट में 15 सितंबर को होना था मिडिएशन महिला के मुताबिक, 15 सितंबर को हाईकोर्ट में दोनों के मामले में मिडिएशन होना था। मिडिएशन के दौरान पति ने मामले में निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए कुछ समय मांगा। इसके बाद महिला ट्रेन से झांसी लौट रही थी। प्रयागराज से ट्रेन में पीछे आया पति महिला का आरोप है कि जब वह प्रयागराज जंक्शन पहुंची तो उसका पति भी वहां पहुंच गया। वह उसके कोच में आकर बैठ गया और उससे बात करने लगा। महिला के मुताबिक पति ने कहा कि वह उसे कोर्ट के जरिए अपने साथ रखने के लिए तैयार है। आरोप है कि ट्रेन के मानिकपुर पहुंचने पर पति ने बातचीत के बहाने उसे भी ट्रेन से उतार लिया। बेबी फीडिंग रूम में ले जाकर जबरदस्ती का आरोप महिला के अनुसार वह मानिकपुर स्टेशन के लेडीज वेटिंग रूम में जाकर बैठ गई। आरोप है कि पति भी वहां पहुंच गया और उससे शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। महिला का कहना है कि विरोध करने के बावजूद पति ने उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद जब उसने पति से साथ ले जाने के लिए कहा तो वह मौके से चला गया। मानिकपुर जीआरपी में शिकायत, झांसी में दर्ज हुए बयान महिला ने बताया कि घटना के बाद वह मानिकपुर जीआरपी पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उसका आरोप है कि वहां उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। बाद में मामला झांसी जीआरपी एसपी के संज्ञान में आया। इसके बाद उसे शनिवार को झांसी बुलाया गया, जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। सीओ जीआरपी को सौंपी जांच एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला को उसका पक्ष जानने के लिए झांसी बुलाया गया था। उसके पति को भी अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया। दोनों पक्षों को सुनने के साथ ही स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। मामले की जांच सीओ जीआरपी सलीम खान को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच वैवाहिक विवाद से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पति ने आरोपों को बताया निराधार वहीं, महिला के पति ने जीआरपी एसपी के सामने अपना पक्ष रखते हुए पत्नी के आरोपों को निराधार बताया। उसका कहना है कि वर्ष 2025 में पत्नी अपनी मां और भाई के साथ उसके घर आई थी। आरोप है कि उस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पति का कहना है कि इसी घटना के बाद उसने भी पत्नी से तलाक के लिए न्यायालय में मामला दर्ज कराया था। उसने अपने साथ हुई मारपीट का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
Read full article on Bhaskar