politics
सपा सांसदों ने संसद में जुटाए ₹2.15 लाख:कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में किया दान,रसीद भी ली
समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद के मॉनसून सत्र के दौरान प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन में जुटाए गए करीब 2.15 लाख रुपये दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दान कर दिए। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव, अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद और राजीव राय समेत अन्य सांसदों का दल गुरुवार को मॉनसून सत्र समाप्त होने के बाद मंदिर पहुंचा। उन्होंने दानपेटी में जमा राशि मंदिर प्रबंधन को सौंपी और रसीद भी ली। कुल राशि ₹2,15,490 बताई गई है, साथ में दो चांदी के सिक्के भी शामिल थे। संसद भवन में कर रहे थे चढ़ावा चोरी की घटना का विरोध यह पूरा मामला अयोध्या राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी से जुड़ा है। मॉनसून सत्र के दौरान सपा और अन्य विपक्षी सांसद संसद परिसर में दानपात्र लेकर प्रदर्शन करते रहे। उन्होंने सांसदों से चंदा देने की अपील की थी। अंतिम दिन गिनती करने पर यह राशि निकली, जिसमें विपक्षी दलों के कई सांसदों कांग्रेस के राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और आरजेडी के मनोज झा ने भी अपना योगदान दिया। सांसदों का कहना है कि वे संसद में इस मुद्दे पर चर्चा चाहते थे, लेकिन सरकार ने अनुमति नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के निर्माण के दौरान भक्तों द्वारा दिए गए दान में गड़बड़ी हुई और जिम्मेदारों को सजा मिलनी चाहिए। किसने क्या कहा अवधेश प्रसाद ने कहा कि राशि भगवान हनुमान के चरणों में अर्पित की गई। उन्होंने प्रार्थना की कि हनुमान जी अपनी गदा से उन लोगों को सबक सिखाएं जिन्होंने अयोध्या में चोरी की। धर्मेंद्र यादव ने बताया कि 20 तारीख से लेकर अब तक विपक्षी सांसदों के योगदान से यह राशि जुटी। हनुमान जी राम भक्त हैं और वे इस दान की रक्षा करेंगे। अक्षय यादव और रुचि वीरा समेत अन्य ने भी कहा कि भक्तों के विश्वास का सम्मान होना चाहिए और दोषियों को सजा मिले। मंदिर प्रशासन ने राशि और सिक्के स्वीकार कर लिए। सपा सांसदों ने दावा किया कि यह राजनीतिक नहीं बल्कि भक्तों के दान की सुरक्षा का संदेश है, हालांकि राजनीतिक रूप से यह राम मंदिर विवाद को लेकर विपक्ष का हमला जारी रखने का प्रतीक माना जा रहा है।
Read full article on Bhaskar