top
ताजमहल से 17 लपके और अवैध गाइड गिरफ्तार:पर्यटकों को झांसे में लेकर करते थे ठगी, पर्यटन पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
ताजमहल समेत शहर के प्रमुख स्मारकों के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले अवैध गाइड और लपकों पर पर्यटन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद अवैध गाइडों में हड़कंप मचा हुआ है। ताजमहल और अन्य स्मारकों पर चला अभियान पर्यटन पुलिस की टीम ने ताजमहल, आगरा किला और अन्य स्मारकों के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध लपकों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, ये लोग देशी-विदेशी पर्यटकों को रोककर अनधिकृत गाइडिंग, होटल बुकिंग और शॉपिंग के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे। कई बार पर्यटकों से ज्यादा पैसे वसूलने और जबरन खरीदारी कराने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं। शिकायतों के बाद डीसीपी सिटी के आदेश पर एक्शन पिछले कुछ दिनों से लगातार पर्यटकों से ठगी और परेशान किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सिटी ने पर्यटन पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में होकर्स और लपकों के खिलाफ अभियान तेज किया गया। शुक्रवार को चले अभियान में 17 आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पर्यटकों की सुरक्षा और आगरा की छवि सुधारने पर जोर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आगरा आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित माहौल देना है। अवैध गाइडों की गतिविधियों से आगरा की पर्यटन छवि खराब हो रही थी। पर्यटन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और स्मारकों के आसपास बिना लाइसेंस के गाइडिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल सभी 17 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
Read full article on Bhaskar