politics
टीकमगढ़ में आचार संहिता लागू, सार्वजनिक स्थानों से हटे पोस्टर:नगर पालिका उप चुनाव के लिए प्रशासन सख्त, राजनीतिक दलों को पालन के निर्देश
टीकमगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष उप चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार शाम अधिकारियों ने शहर में जगह-जगह लगे राजनीतिक दलों के बैनर और पोस्टर हटा दिए। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने शहर के कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने संपत्ति विरूपण की कार्रवाई का निरीक्षण किया। अधिकारियों की मौजूदगी में शहर के सार्वजनिक स्थलों पर राजनीतिक दलों के प्रचार संबंधी पोस्टर, बैनर और होर्डिंग हटाए गए। साथ ही दीवारों पर किए गए राजनीतिक प्रचार लेखन पर पुताई कराकर संपत्ति विरूपण की कार्रवाई की गई। तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मौके पर रहकर कार्रवाई की निगरानी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने कहा कि प्रशासन आचार संहिता को लागू करने के लिए सार्वजनिक स्थानों से राजनीतिक प्रचार सामग्री हटाने की कार्रवाई जारी रखेगा। इसका मकसद चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए समान अवसर और निष्पक्ष माहौल बनाना है। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित लोगों से अपील की है कि वे आचार संहिता का पालन करें। साथ ही सार्वजनिक और निजी संपत्तियों पर बिना अनुमति किसी भी तरह की प्रचार सामग्री लगाने या उन्हें खराब करने से बचें।
Read full article on Bhaskar