politics
तिलोई में राजस्व अधिकारियों पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह, कहा कि कानूनगो और लेखपाल बिना रिश्वत नहीं करते किसानों का काम
तिलोई में राजस्व अधिकारियों पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह, कहा कि कानूनगो और लेखपाल बिना रिश्वत नहीं करते किसानों का काम केएमबी खुर्शीद अहमद अमेठी (तिलोई)। तहसील परिसर तिलोई में किसान समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर आयोजित कांग्रेस के जोरदार विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्री व जिला पंचायत सदस्य सुनीता सिंह का गुस्सा स्थानीय राजस्व प्रशासन पर जमकर फूटा। प्रदर्शन के दौरान उपजिलाधिकारी अरुणिमा श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपते समय और जनसभा को संबोधित करते हुए सुनीता सिंह ने तहसील के प्रशासनिक रवैये पर तीखे सवाल खड़े किए। सुनीता सिंह ने सीधे तौर पर कानूनगो और लेखपालों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा- "आपके कानूनगो और लेखपाल लगातार किसानों को परेशान कर रहे हैं। बिना पैसा लिए वे किसानों का कोई भी काम नहीं करते हैं।"उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब किसान अपनी जमीनी समस्याओं, पैमाइश और राजस्व संबंधी कार्य लेकर तहसील के चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन रिश्वत न देने तक उनका काम लटकाए रखा जाता है। प्रदर्शन में मौजूद भारी संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं ने इस बयान का समर्थन करते हुए नारेबाजी की। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि अघोषित बिजली कटौती, जलभराव से फसल बर्बादी और आवारा पशुओं के साथ-साथ तहसील स्तर पर जारी यह भ्रष्टाचार किसानों की कमर तोड़ रहा है। मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगी और किसानों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
Read full article on Kmb News