crime
ट्रैक्टर-ट्रॉली में बने गुप्त-चैंबर में छिपाया 123KG डोडाचूरा, एक गिरफ्तार:मध्यप्रदेश से बिजोलिया ला रहा था, CBN ने पकड़ा
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की चित्तौड़गढ़ सेल यूनिट ने बिजोलिया क्षेत्र में 123.630 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करी के लिए डोडाचूरा ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपाया गया था। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया। मध्यप्रदेश से बिजोलिया की तरफ आ रही थी ट्रैक्टर-ट्रॉली CBN अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नशा मुक्त भारत अभियान के तहत की गई। टीम को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश की ओर से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में डोडाचूरा लेकर बिजोलिया की तरफ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने भगवानपुरा-उमाजी का खेड़ा रोड पर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में ट्रॉली में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया। पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि डोडाचूरा ट्रॉली और उसके हाइड्रोलिक सिस्टम के बीच बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपाया गया है। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रॉली की बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान गुप्त चैंबर से 123.630 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। CBN ने डोडाचूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।
Read full article on Bhaskar