politics
तारानगर में मतदाता सूची पर विवाद, वोट काटने का आरोप:एसडीएम को हटाने की मांग को लेकर बेमियादी धरना शुरू
चूरू के तारानगर में निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रियंका कड़ेला को चुनाव कार्य से हटाने की मांग को लेकर बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने बेमियादी धरना शुरू हो गया। कस्बे के विभिन्न वार्डों के सैकड़ों लोग धरने में शामिल हुए। 100-150 वोट काटने का आरोप धरने पर बैठे वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि 8 मई 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में सत्ता पक्ष के इशारे पर 100-150 वोट काटे जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आम जनता की ओर से प्रस्तुत फॉर्म 05-03 पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, जबकि सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के फॉर्म पर तुरंत बदलाव किए जा रहे हैं। निर्वाचन अधिकारी पर लगाए पक्षपात के आरोप प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निर्वाचन अधिकारी प्रियंका कड़ेला एक पार्टी विशेष के कार्यकर्ता की तरह काम कर रही हैं। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए इस दौरान 'एसडीएम मुर्दाबाद' के नारे भी लगाए। किसान नेता ने उठाए सवाल धरने को संबोधित करते हुए किसान नेता हरिसिंह बेनीवाल ने कहा कि अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूची में इस तरह के बदलाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने मांग की कि प्रियंका कड़ेला को तत्काल चुनाव कार्य से हटाकर किसी निष्पक्ष अधिकारी की नियुक्ति की जाए। मांग पूरी होने तक जारी रहेगा धरना प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक बेमियादी धरना जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar