crime
दो एंबुलेंस से 1.54 क्विंटल डोडा-पोस्त जब्त:एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा जंगल में फरार; पिंडवाड़ा पुलिस और डीएसटी की कार्रवाई
सिरोही में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिंडवाड़ा पुलिस और डी.एस.टी. टीम ने दो एंबुलेंस से 1 क्विंटल 54 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने एक एंबुलेंस ड्राइवर मोतीलाल (40) को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग गया। दूसरी एंबुलेंस भी लावारिस हालत में मिली। बरामद डोडा-पोस्त की अनुमानित कीमत 23 लाख 22 हजार रुपए बताई गई है। नाकाबंदी में रोकी दो एंबुलेंस पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत देर रात उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर मालेरा पुलिस चौकी के पास पिंडवाड़ा थाना अधिकारी चैल सिंह और डी.एस.टी. टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अमराराम ने पुलिस जाब्ते के साथ नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान उदयपुर की तरफ से आ रही दो एंबुलेंस को रोककर जांच की गई। एक एंबुलेंस को मोतीलाल पुत्र सवा राम भाट, निवासी गारियावास, वल्लभनगर, जिला उदयपुर चला रहा था। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उसके साथ बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। 3 किलोमीटर दूर मिली दूसरी एंबुलेंस पूछताछ में मोतीलाल ने पुलिस को बताया कि करीब तीन किलोमीटर आगे मोरस कट के पास पिंडवाड़ा आने वाले रास्ते के किनारे एक और एंबुलेंस खड़ी है। सूचना पर डी.एस.टी. टीम और पिंडवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर एंबुलेंस में कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें डोडा-पोस्त से भरी बोरियां मिलीं। 154 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद तलाशी के दौरान दोनों एंबुलेंस से कुल 1 क्विंटल 54 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों से जुड़े ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग गए थे। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख 22 हजार रुपए आंकी गई है। एंबुलेंस मालिकों की तलाश पुलिस गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों एंबुलेंस के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
Read full article on Bhaskar