top
दरभंंगा में फरार तीन आरोपियों के घर चिपकाया इश्तेहार:कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस की कार्रवाई, अप्रैल में हत्या के बाद से फरार है आरोपी
दरभंगा में लहेरियासराय थाना में हत्या के आरोप में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को इश्तेहार की कार्रवाई की। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, दरभंगा की अदालत के आदेश के बाद अनुसंधानकर्ता शंभूनाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों के घर पहुंची। पुलिस ने डुगडुगी बजाकर न्यायालय के आदेश की जानकारी दी और घर पर इश्तेहार चिपकाया। अनुसंधानकर्ता शंभूनाथ सिंह ने बताया कि मामले में तीन अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे हैं और अब तक न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया है। न्यायालय के आदेश के बाद तीनों अभियुक्तों के घर पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आगे न्यायालय की ओर से जो निर्देश मिलेगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। खेत से सब्जी तोड़कर लौटने के दौरान मारपीट का आरोप मामले में मृतक के पुत्र मो. असरफ ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि 6 अप्रैल 2026 की सुबह उनके पिता मो. अख्तर खेत से सब्जी तोड़कर रहमगंज जा रहे थे। इसी दौरान महेशपट्टी मस्जिद के पास मो. इस्लाम उर्फ मोहसीम, उसके बेटे मो. रियाज और मो. आदिल ने कथित तौर पर पुराने विवाद को लेकर उन्हें घेर लिया और कुदाल, टेंगारी व फरसा आदि से मारपीट की। आरोप है कि हमले में मो. अख्तर के हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे और पत्नी के साथ भी गाली-गलौज व मारपीट की गई। शिकायत में मो. आदिल पर मृतक की पत्नी के कान से सोने का टॉप्स छीनने का भी आरोप लगाया गया है। गंभीर रूप से घायल मो. अख्तर को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने गिरफ्तारी नहीं होने पर जताई नाराजगी इश्तेहार की कार्रवाई के बाद मृतक के पुत्र मो. अशरफ ने कहा कि उन्हें अभी तक पूरा न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पर भरोसा है और उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा, लेकिन अब तक हुई कार्रवाई से परिवार पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। मृतक की पुत्री लाडली ने कहा कि घटना के करीब छह महीने बीत जाने के बावजूद उनके पिता की मौत के मामले में नामजद तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों के अनुसार, पुलिस की ओर से इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई हुई है, लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी चाहते हैं।और फांसी की सजा की मांग की। वहीं थानाध्यक्ष अमीत कुमार का कहना है कि तीनों आरोपी लंबे समय से फरार हैं और न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar