crime
दुष्कर्म पीड़िता ने तालाब में कूदकर की आत्महत्या:जेल में बंद प्रेमी और दोस्त पर केस; शादी नहीं होने देने की धमकी का आरोप
गोंडा में धानेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम 17 साल की रेप पीड़िता ने तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उसका शव सोमवार शाम करीब 5 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में मिला था। मामले में मंगलवार देर शाम 7:30 बजे लड़की की मां की तहरीर पर जेल में बंद प्रेमी इरफान और उसके दोस्त परवेज के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और बदनाम करने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। ‘शादी नहीं होने देंगे’ की धमकी देने का आरोप मृतका की मां ने धानेपुर थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का इरफान और उसका दोस्त परवेज उनकी बेटी को लगातार परेशान करते थे। दोनों उसे आत्महत्या के लिए उकसाते और बदनाम करने की धमकी देते थे। आरोप है कि दोनों यह भी कहते थे कि वे उसकी शादी नहीं होने देंगे। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है इरफान पुलिस के मुताबिक इरफान के खिलाफ पहले शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने उसे 13 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मृतका की मां का आरोप है कि इरफान के जेल जाने के बाद भी उसका दोस्त परवेज उनकी बेटी को परेशान करता रहा। प्रताड़ना से परेशान होकर जान देने का आरोप मां के मुताबिक लगातार मिल रही धमकियों और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने 24 अगस्त सोमवार शाम करीब 5 बजे गांव के किनारे स्थित तालाब में छलांग लगा दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की। परवेज फरार, गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं धानेपुर थाना प्रभारी विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि मंगलवार देर शाम दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इरफान पहले से जेल में बंद है, जबकि परवेज घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इरफान-परवेज की भूमिका की जांच पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि जेल में बंद इरफान से परवेज कितनी बार मिलने गया था। दोनों के बीच इस मामले को लेकर क्या बातचीत हुई और घटना में उनकी क्या भूमिका या संलिप्तता रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
Read full article on Bhaskar