top
देवरिया में कागज की गड्डी देकर 20 हजार ठगे:जालसाजों ने 2 लाख रुपए बताकर थमाया रुमाल; खोलने पर मिले सिर्फ कागज
देवरिया में खुखुंदू थाना क्षेत्र के खुखुंदू चौराहे पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जालसाजों ने एक व्यक्ति से 20 हजार रुपए ठग लिए। आरोपियों ने रुमाल में लिपटी कागज की गड्डी को 2 लाख रुपए बताया और उसे थमा दिया। कुछ देर बाद रुमाल खोलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। एडमिशन के लिए पैसों की जरूरत थी पिपरी उर्फ बंदी निवासी राधेश्याम प्रसाद के बेटे विकास कुमार पढ़ाई करते हैं। उनके एडमिशन के लिए राधेश्याम को पैसों की जरूरत थी। इसी सिलसिले में वह शुक्रवार सुबह 20 हजार रुपए लेकर खुखुंदू चौराहे पहुंचे थे। उन्होंने जैन मंदिर मार्ग स्थित सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से 5 हजार रुपए और निकाले। इसके बाद केंद्र के बाहर खड़े एक युवक ने उनसे बातचीत शुरू की। दो युवकों ने 2 लाख की गड्डी बताई राधेश्याम के मुताबिक, युवक उन्हें जैन मंदिर मार्ग की ओर ले गया। वहां उसका दूसरा साथी भी मौजूद था। दोनों ने रुमाल में लिपटी कागज की गड्डी दिखाई। इसे 2 लाख रुपए बताया। जालसाजों ने कहा कि गड्डी को पोस्ट ऑफिस में जमा करने पर उन्हें 15 हजार रुपए मिलेंगे। विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने कुछ रुपए देने की बात कही। इसके बाद बाकी रकम लेकर डाकघर चलने को कहा। रुमाल खोला तो निकले कागज राधेश्याम आरोपियों के झांसे में आ गए और उन्हें अपने 20 हजार रुपए दे दिए। कुछ देर बाद उन्होंने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें सिर्फ कागज की गड्डी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
Read full article on Bhaskar