top
वाराणसी में सरदार वल्लभभाई पटेल जंयती कार्यक्रम:रेल मंत्री ने प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं, उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया
वाराणसी में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। उन्होंने स्वागती हॉल में भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और एकीकरण में पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। दौरे के दौरान रेल मंत्री ने कर्मचारी कैंटीन में कर्मचारियों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने कार्यप्रणाली, खानपान सुविधाओं और कर्मचारियों के सुझावों की जानकारी ली। इसके बाद बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ और मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों से समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। संगठनों ने ज्ञापन सौंपे, जिन पर मंत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने महिला कर्मचारियों से भी संवाद कर सुरक्षित कार्यस्थल, सुविधाओं और रेलवे में उनकी भागीदारी पर चर्चा की। इस अवसर पर अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार, महाप्रबंधक बरेका आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव, अन्य सदस्य, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar