politics
विदिशा की सड़कों पर किसान कांग्रेस ने किया प्रदर्शन:गड्ढों को चूने से घेरा, प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी
विदिशा। शहर की खराब सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर किसान कांग्रेस ने शनिवार को नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाल विहार के सामने किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत दांगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों को चूने से घेरकर उन्हें ‘मौत के गड्ढे’ नाम दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा और बढ़ गया है। चौराहों से गलियों तक खराब सड़कें प्रदर्शन के दौरान विनीत दांगी ने कहा कि विदिशा शहर की चारों दिशाओं में सड़कों की स्थिति खराब है। चौराहों से लेकर गलियों तक कई जगह इतने गहरे गड्ढे हैं कि वाहन चालकों को उनका अंदाजा नहीं लग पाता। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सड़कों की खराब हालत का मामला नहीं है, बल्कि लोगों की जान से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। गड्ढे में फंसकर बच्ची की गई थी जान किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कुछ साल पहले हुए एक हादसे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि माहेश्वरी समाज की एक बच्ची की साइकिल का टायर सड़क के गड्ढे में फंस गया था। हादसे में बच्ची की जान चली गई थी। दांगी ने कहा कि उस घटना के बाद भी शहर में कई जगह ऐसे ही खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं, जिनसे लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। लोडिंग ऑटो पलटने का भी दिया उदाहरण दांगी ने कुछ दिन पहले एक कॉलोनी में गड्ढों के कारण लोडिंग ऑटो पलटने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़कों के गड्ढे अब आम लोगों के लिए रोजाना का खतरा बन चुके हैं। वाहन चालकों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। भाजपा पर भी साधा निशाना विनीत दांगी ने शहर की बदहाल सड़कों को लेकर भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से नगर पालिका, जनपद, जिला पंचायत, विधायक और सांसद के पदों पर भाजपा का प्रभाव रहा है, लेकिन इसके बावजूद शहर की सड़कों की हालत में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम लेते हुए कहा कि वे विदिशा को अपनी कर्मभूमि बताते हैं, लेकिन शहर की मौजूदा स्थिति सभी के सामने है। पहले आईना दिखाया, अब आंदोलन की चेतावनी दांगी ने कहा कि शनिवार को किया गया प्रदर्शन नगर पालिका को उसकी जिम्मेदारी का आईना दिखाने के लिए सांकेतिक था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ही शहर की सड़कों के गड्ढे नहीं भरे तो किसान कांग्रेस हर मोहल्ले और गली में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्षद, जनपद सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष, विधायक और सांसद के घरों के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। दांगी ने प्रशासन से कहा कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़कों की मरम्मत कराई जाए।
Read full article on Bhaskar