business
विद्याधरनगर में 134 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात:दीया कुमारी ने किया सवाई मानसिंह द्वार और सैनिक स्कूल के छात्रावास का भी लोकार्पण
विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक दीया कुमारी ने सोमवार को श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति परिसर में करीब 134 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों को सड़क, सीवर, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पार्क विकास से जुड़े कई कार्यों की सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान ‘सवाई मानसिंह द्वार’ और श्री भवानी निकेतन पब्लिक स्कूल (सैनिक स्कूल) के छात्र-छात्रावास भवन का भी लोकार्पण किया गया। छात्रावास भवन शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं छात्रावास भवन के लोकार्पण से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा। इस अवसर पर हरमाड़ा सेटेलाइट अस्पताल, सीएचसी नीदड़ और सेक्टर-2 स्थित राजकीय विद्यालय के कक्षा-कक्षों सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में सीवर लाइन, उच्च जलाशय, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स और पार्कों के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाओं में सुधार का लाभ मिलने की उम्मीद है। दो सीवर जेटिंग मशीनों को दिखाई हरी झंडी कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जयपुर नगर निगम की दो सीवर जेटिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक मशीनों के जरिए सीवर और नालियों की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तेज बनाने का प्रयास किया जाएगा। इन मशीनों के संचालन से सीवर सफाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आने और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की बात कही गई। ‘डबल इंजन सरकार’ से विकास को गति देने का दावा दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश के विकास को नई गति देना है। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने केवल कुर्सी बचाने का काम किया और जनता की समस्याओं तथा विकास के मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। दीया कुमारी ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार मिलकर विकास को गति दे रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। स्थानीय लोगों ने किया स्वागत विकास कार्यों के शुभारंभ और लोकार्पण के अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने दीया कुमारी का स्वागत किया। क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए लोगों ने आभार भी जताया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कच्ची बस्ती की महिलाओं को साड़ियों का वितरण भी किया। इससे कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar