politics
विधायक प्रतिनिधि से मिले क्षेत्रवासी:आदर्श नगर क्षेत्र की सड़क और नालियों की मरम्मत कराने की मांग
लखनऊ में शनिवार को आदर्श नगर औरंगाबाद जागीर रेजीडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक के मुख्य प्रतिनिधि अखिलेश सिंह से मुलाकात की। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में लंबित नाली और सड़क निर्माण की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान क्षेत्रवासियों ने बताया कि मुख्य मार्ग से लेकर अंदरूनी गलियों की सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है, साथ ही जल निकासी के लिए पक्की नाली की मरम्मत की भी आवश्यकता है। विधायक प्रतिनिधि ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का निवारण विधायक जी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। प्रतिनिधि ने बताया कि एस्टीमेट तैयार करवाकर संबंधित विभाग को भिजवा दिया गया है और जल्द ही विधायक निधि या लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से नाली और सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अच्छे लाल सरोज, हरिशंकर प्रजापति, विवेक सिंह, अमित कुमार, आर बी सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar