top
व्यापारी के घर चोरी का मामला, आरोपी की पत्नी गिरफ्तार:हरदोई में 13.71 लाख रुपए बरामद, खाते में 2.50 लाख फ्रीज
हरदोई के कोतवाली शहर पुलिस ने रेलवेगंज के किराना थोक व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर हुई बड़ी चोरी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नीता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 लाख 71 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। नीता पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी परम किशोर की पत्नी बताई गई है। सीओ सिटी अजीत सिंह ने रविवार शाम करीब 5:55 बजे मामले की जानकारी दी। ताजा बरामदगी के बाद पुलिस इस मामले में अब तक कुल 1,49,33,110 रुपये नकद बरामद कर चुकी है। वहीं, मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। 16 जुलाई की रात हुई थी चोरी पुलिस के मुताबिक, व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर में 16 जुलाई की देर रात चोरी हुई थी। अगले दिन 17 जुलाई को व्यापारी ने अपने यहां काम करने वाले तीन नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में एक रुपयों से भरा बैग चोरी होने की बात कही गई थी। जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने मामले में एक के बाद एक आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी की रकम की बरामदगी शुरू की। शुक्रवार को सुरसा क्षेत्र की रहने वाली नीता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 13.71 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। अब तक 1.49 करोड़ की नकदी बरामद पुलिस की कार्रवाई में अब तक 1,49,33,110 रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज कराए गए हैं। चोरी की रकम से खरीदी गई एक पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। सीओ सिटी के अनुसार, गिरफ्तार 18 आरोपियों में तीन ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो व्यापारी के यहां करीब सात वर्षों से काम कर रहे थे। पुलिस चोरी की रकम और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है। सीओ सिटी ने बताया कि नीता, पहले गिरफ्तार किए गए परम किशोर की पत्नी है। परम किशोर के घर से पहले 10 लाख रुपये बरामद हुए थे, जबकि अब उसकी पत्नी के पास से 13.71 लाख रुपये मिले हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक राजेश यादव और अब्दुल जब्बार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने यह बरामदगी की है।
Read full article on Bhaskar