top
यमुना में नहाने गए 3 बच्चों की डूबने से मौत:महेवा घाट पुल के नीचे हादसा; गोताखोरों ने एक घंटे बाद निकाले शव
कौशांबी में शनिवार शाम करीब 5 बजे महेवा घाट पुल के नीचे यमुना नदी में नहाने गए 3 बच्चे डूब गए, जिससे तीनों की मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई हैं। बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ लग गई। बच्चों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे बाद तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला। बच्चों के शव देखते ही घर की महिलाएं चीख पड़ीं। गांव वालों और परिवार वालों ने उन्हें संभाला। किसी तरह शव को वहां से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामला महेवा घाट थाना क्षेत्र का है। हादसे में मरने वाले बच्चों की पहचान शनि (10) और करन (8) के रूप में हुई है। दोनों के पिता का नाम राजेश कुमार और मां का नाम अनीता देवी है। तीसरे बच्चे की पहचान बृजेंद्र कुमार (12) के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम सोनू और मां का नाम शिवानी देवी है। पुलिस जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक, तीनों बच्चे महेवा घाट पुल के नीचे यमुना में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar