crime
युवक की बरसाती नाले में डूबने से मौत:दोस्तों के साथ नहाते समय हादसा, नई दिल्ली में निजी कंपनी में कार्यरत था
झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड स्थित सारोला थाना क्षेत्र के बन्या वन क्षेत्र में बरसाती नाले में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान झालावाड़ शहर के हाउसिंग बोर्ड निवासी आयुष त्रिवेदी (24) पुत्र अनिल त्रिवेदी के रूप में हुई है। आयुष दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और बुधवार रात ही अपने घर झालावाड़ आया था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आयुष गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ भीमसागर के पास बन्या के जंगल इलाके में स्थित बरसाती नाले पर घूमने गया था। इस दौरान वे सभी नहाने लगे। बरसात के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था और आसपास पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यह स्थान युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहता है। नहाते समय आयुष अचानक गहरे पानी में चला गया। आयुष के दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सारोला थानाधिकारी बुद्धराम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आयुष को नाले से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत 108 एम्बुलेंस की सहायता से झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक के परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार करने पर शव उन्हें सुपुर्द कर दिया। मृतक आयुष के पिता झालावाड़ के सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। आयुष दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। ग्रामीणों के अनुसार भीमसागर बाघेर के आसपास बन्या में डोब का ढाबरा और पाड़ा खो बाघेर जैसे बरसाती झरने भी बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करते हैं।
Read full article on Bhaskar