crime
युवक की हत्या मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार:शाहजहांपुर में पेड़ के पैसे खर्च करने पर परिवार को भड़काने से हुआ था विवाद
शाहजहांपुर में पुवायां थाना क्षेत्र के सदापुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दो सगे भाइयों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे दोनों आरोपियों को जठियापुर बुजुर्ग मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। दोनों सगे भाइयों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी शिवसरन ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने एक पेड़ बेचकर मिले 67 हजार रुपए खर्च कर दिए थे। गांव का ओमप्रकाश उनके परिवार को भड़काता था। वह परिवार से कहता था कि शिवसरन ने सारे पैसे खर्च कर दिए हैं और अब परिवार को उसका खर्च उठाना पड़ेगा। आरोपी के अनुसार, शुक्रवार को भी ओमप्रकाश ने परिवार के लोगों को भड़काया था। इसके बाद शिवसरन और उसका भाई सोहबरन ओमप्रकाश को उसके घर से बुलाकर लाए। इसी दौरान ओमप्रकाश का भाई रामकृपाल भी मौके पर पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर शिवसरन और सोहबरन ने रामकृपाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में रामकृपाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस ने दोनों को जठियापुर बुजुर्ग मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
Read full article on Bhaskar