crime
युवक को कार में अगवा कर 70 किमी तक घुमाया:प्रयागराज में असलहों की बट से पीटते हुए झूंसी से कौशाम्बी ले गए, 3 पकड़े गए
प्रयागराज के अंदावा में एक युवक को कार में खींचकर अगवा करने के बाद करीब 70 किमी तक घुमाया गया। रास्ते भर उसे असलहे की बट से पीटा गया। बाद में घेराबंदी की भनक लगने पर छोड़ दिया। जानकारी पर पुलिस ने मयकार तीन अपहरणकर्ताओं को दो असलहों के साथ दबोच लिया। ऑनलाइन गेमिंग में एक लाख रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर यह वारदात अंजाम दी गई। फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के जानने वाले हैं। पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। कार शोरूम गया था, तभी रास्ते में वारदात शु्भम सिंह 21 एयरपोर्ट क्षेत्र के चिल्ला मुजफ्ता गांव का रहने वाला है। उसके पिता शिवम सिंह ने पुलिस को बताया, मेरा बेटा शुभम 21 अगस्त की रात नौ बजे के करीब अंदावा, झूंसी स्थित कार शोरूम गया था। आरोप है कि तभी वहां मुंडेरा का रहने वाला एक युवक अपने चार-पांच साथियों के साथ आसमानी रंग की पोलो कार में आया और बेटे को जबरन भीतर खींच लिया। बोले, पापा से 10 लाख रुपये मंगाओ विरोध करने पर असलहे की बट से पीटने लगे। यह भी कहा कि अपने पापा से फोन कर 10 लाख रुपये मंगाओ वर्ना तुम्हें जान से मारकर फेंक देंगे। बेटे के यह कहने पर कि पापा के इतने पैसे नहीं हैं, आरोपी यह कहने लगे कि इसे दिल्ली लेकर चलो। कौशाम्बी में एक ढाबे पर रुके इसके बाद आरोपी अंदावा से बेटे को फाफामऊ के रास्ते कोखराज हाईवे पर लेकर जाने लगे। आरोपी उसे लेकर संदीपन घाट थाना के काजीपुर स्थित एक ढाबे पर रुके। वहां मुंडेरा निवासी अपहरणकर्ता ने एक अन्य वाहन बुलाया और फिर उसे धूमनगंज थाने छोड़वा दिया। दरअसल उन्हें भनक लग गई थी कि पुलिस को घटना की जानकारी हो गई है। इससे पहले 21 हजार नकद और सोने की चेन भी छीन ली। दोस्त ने दे दी थी सूचना उधर पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात के वक्त शुभम का दोस्त भी उसके साथ था। उसे गाड़ी में खींचे जाने के बाद उसने ही घरवालों को सूचना दी। इसके बाद जानकारी मिलते ही धूमनगंज पुलिस सक्रिय हुई। इसी बात की जानकारी होने पर अपहरणकर्ताओं ने युवक को खुद दूसरी गाड़ी बुलवाकर धूमनगंज थाने के पास छोड़ा दिया। कार में दो असलहे भी मिले युवक ने किसी तरह फोन कर घरवालों को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचे और उसे लेकर धूमनगंज थाने पहुंचे। उधर धूमनगंज पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में लगी रही और कुछ ही देर बाद संदीपन घाट में स्थित एक ढाबे पर पहुंचकर आरोपियों को मयकार दबोच लिया। कार में एक पिस्टल व एक तमंचा भी बरामद हुआ। पुलिस तीनों को थाने लेकर आई और विस्तृत पूछताछ की। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि पीड़ित युवक और मुख्य आरोपी, जो मुंडेरा का रहने वाला है, दोस्त हैं। उनके एक लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हैं। यह रुपये ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित हैं। झूंसी पुलिस के सुपुर्द किए गए धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि घटनास्थल झूंसी थाना क्षेत्र में है, ऐसे में पकड़े गए तीनों युवकों को झूंसी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।
Read full article on Bhaskar