crime
युवक ने खुद रची अपहरण की झूठी कहानी, 3 गिरफ्तार:10 हजार की फिरौती मांगने की साजिश, अयोध्या घूमने के लिए बनाई योजना
गोंडा में अपहरण और फिरौती मांगने के एक मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। खोड़ारे थाना पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपने ममेरे भाई और दोस्त के साथ मिलकर खुद के अपहरण का नाटक रचा था। आरोप है कि तीनों ने परिजनों से 10 हजार रुपये वसूलने की योजना बनाई थी, ताकि उन पैसों से अयोध्या घूमने और मौज-मस्ती करने जा सकें। पुलिस ने कथित अपहृत शिवम राजभर, उसके ममेरे भाई राहुल राजभर और दोस्त मासूम रजा को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गन्ने के खेत में बेहोशी की हालत में मिला था युवक पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को शाम 5:48 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चुटहवा निवासी शिवम राजभर का अपहरण कर लिया गया है। सूचना उसके भाई सुनील राजभर ने दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिवम के मोबाइल की लोकेशन और सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की। देर रात करीब नौ बजे मोबाइल की लोकेशन गन्ने के खेत में मिली। पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान शिवम को खेत में बेहोशी की हालत में पाया। भाई ने उसकी पहचान की, जिसके बाद उसे सीएचसी बभनजोत के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, चिकित्सकीय जांच में उसकी हालत सामान्य बताई गई। शरीर पर इंजेक्शन का निशान नहीं मिला पुलिस के अनुसार, होश में आने के बाद शिवम ने बताया कि विकास, विशाल और राज नाम के तीन युवकों ने उसे इंजेक्शन देकर बेहोश किया था। हालांकि, चिकित्सकीय जांच में उसके शरीर पर खरोंच या इंजेक्शन का निशान नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल डेटा और सर्विलांस रिपोर्ट की जांच की। जांच के दौरान भाई सुनील को भेजे गए कथित धमकी भरे संदेशों, वॉयस मैसेज और बेहोशी की तस्वीरों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की गई। पुलिस को संदेह हुआ कि संदेश और तस्वीरें भेजने में शिवम की भूमिका हो सकती है। पूछताछ में साजिश रचने की बात कबूली पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवम ने बताया कि उसने अपने ममेरे भाई राहुल राजभर उर्फ सूरज और दोस्त मासूम रजा के साथ मिलकर योजना बनाई थी। आरोप है कि शराब पीने के बाद तीनों ने परिजनों से 10 हजार रुपये लेने के लिए अपहरण का झूठा नाटक रचा। योजना के तहत शिवम गन्ने के खेत में जाकर लेट गया और परिजनों को डराने के लिए तस्वीरें व वॉयस मैसेज भेजे गए। पुलिस का कहना है कि कथित तौर पर इंजेक्शन देकर उसे बेहोश भी किया गया था। सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया- जांच में युवक के अपने ममेरे भाई और दोस्त के साथ मिलकर अपहरण और फिरौती की साजिश रचने की बात सामने आई है। खोड़ारे पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar