crime
2 बाइकों की टक्कर में कांवड़िया समेत 2 की मौत:खगड़िया से गंगाजल लेकर सिंघेश्वर मंदिर जाने के दौरान हादसा, 3 अन्य गंभीर रूप से घायल
खगड़िया में रविवार देर रात 2 तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु अगुवानी गंगा घाट से गंगाजल लेकर जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। घटना चौथम थाना क्षेत्र स्थित डुमरी घाट पुल पर हुई। घटना की सूचना मिलते ही चौथम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को एंबुलेंस से चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर पुलिस ने बचाव कार्य कराया शुरू चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के बाद एनएच-107 पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिसे पुलिस ने यातायात सुचारु कर हटवाया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। गंगाजल लेकर सिंघेश्वर मंदिर जाने के दौरान हादसा मृतकों में पहला युवक सूरज कुमार (25) है, जो पौड़ा थाना क्षेत्र के पौड़ा गांव निवासी अनिल यादव का बेटा था। मृतक के पिता अनिल यादव ने बताया कि सूरज कुमार अगुवानी गंगा घाट से गंगाजल लेकर जलाभिषेक के लिए मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर मंदिर जा रहे थे, तभी डुमरी घाट पुल के समीप हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। दूसरे मृतक की पहचान लव कुश कुमार (18) के रूप में हुई है। वह बेलदौर प्रखंड के तेलिहार पंचायत के कोहवा बासा निवासी रामधार सिंह का बेटा था। परिजन कौशल कुमार ने बताया कि लव कुश कुमार कांवड़ियों की सेवा में लगे हुए थे। सेवा कार्य के दौरान वह बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अन्य कांवड़िया की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar