top
आगरा के दयालबाग में 2.7 किमी पुरानी सीवर लाइन बदलेगी:सड़क धंसने के बाद नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
आगरा के दयालबाग क्षेत्र में करीब 2.7 किलोमीटर लंबी पुरानी सीवर लाइन के नवीनीकरण की प्रक्रिया तेज होगी। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सड़क धंसने की जानकारी के बाद गुरुवार को 100 फुटा मार्ग समेत दयालबाग क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। मैसर्स वबाग लिमिटेड के प्रतिनिधि ने बताया कि सीवर लाइन काफी पुरानी होने के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो रही है। इसके नवीनीकरण का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। शासन से अनुमति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव पर शासन को दोबारा रिमाइंडर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जिन स्थानों पर सीवर लाइन की मरम्मत की जरूरत है, वहां तकनीकी परीक्षण कराने को कहा। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर सीवर गैस की सुरक्षित निकासी के लिए चैंबर बनाने के भी निर्देश दिए। बताया रहा है कि सीवर लाइन डालते समय मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। जिसके कारण सीवर लाइन लीक होने के कारण सड़क धंस गई। इससे पहले भी दयालबाग क्षेत्र में सड़क धंस चुकी है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जलकल, सहायक अभियंता निर्माण संघ भूषण, सहायक अभियंता नगर निगम,मैसर्स वबाग लिमिटेड के प्रतिनिधि और क्षेत्रीय पार्षद भरत शर्मा मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल, प्रभारी मुख्य अभियंता निर्माण और वबाग के प्रतिनिधि को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कर कार्यालय को रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
Read full article on Bhaskar