top
आगरा में जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण की मांग:शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर बैठक, बीएसए ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
आगरा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, समग्र शिक्षा अशोक नगर में आज सायं शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निदान हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कसाना और जिला मंत्री बृजेश कुमार दीक्षित ने भाग लिया और जनपद के शिक्षकों की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। संघ के पदाधिकारियों ने जर्जर एवं असुरक्षित विद्यालय भवनों का शीघ्र ध्वस्तीकरण कर नव निर्माण कराने, लंबित चयन वेतनमान के आदेश तत्काल जारी करने, 9सी लॉक न होने के कारण रुके हुए वेतनों को बहाल करने तथा चिकित्सीय अवकाश व एक दिन के काटे गए वेतन को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने संघ के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और सभी लंबित आदेशों को शीघ्र जारी करने तथा शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं के निदान की दिशा में सकारात्मक चर्चा हुई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आश्वासन का स्वागत किया और कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण किया जाना चाहिए ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। बैठक में जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कसाना, जिलामंत्री बृजेश दीक्षित, मीडिया प्रभारी राजेंद्र त्यागी, खेरागढ़ के अध्यक्ष सूरज शर्मा, जगनेर के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल उपाध्याय एवं राहुल दीक्षित उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar