top
आजम खां के दो मुकदमों की सुनवाई टली:गवाहों के नहीं पहुंचने पर कोर्ट ने बदली तारीख; जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए
रामपुर में सपा नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज दो अलग-अलग मुकदमों में बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। दोनों मामलों में गवाह अदालत नहीं पहुंचे। इसके चलते कोर्ट ने सुनवाई टाल दी। आजम खां जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए। पहला मामला रामपुर पब्लिक स्कूल (आरपीएस) की मान्यता से जुड़ा है। स्कूल शहर कोतवाली क्षेत्र में यतीमखाना बस्ती की जगह पर बना है। आरोप है कि सपा सरकार के दौरान आजम खां ने स्कूल का निर्माण कराया था। वर्ष 2020 में तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम सिंह राणा ने शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्कूल को मान्यता दिलाने का आरोप लगाया गया था। मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में मजिस्ट्रेट ट्रायल के तहत चल रही है।बुधवार को गवाह के नहीं आने से सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तारीख तय की है। डूंगरपुर मामले में गवाह को धमकाने का आरोप दूसरा मामला डूंगरपुर प्रकरण में गवाह को धमकाने से जुड़ा है। यह मुकदमा मोहल्ला बेरियान निवासी नन्हे ने दर्ज कराया था। उन्होंने 17 अगस्त 2022 को शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। नन्हे के मुताबिक, वह डूंगरपुर प्रकरण के एक मामले में वादी हैं। आरोप है कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने आजम खां के खिलाफ गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आजम खां समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच के बाद आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया गया। इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सेशन ट्रायल के तहत चल रही है। बुधवार को इस मामले में भी गवाह के नहीं आने से सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 16 सितंबर की तारीख तय की है।
Read full article on Bhaskar