top
आजमगढ़ में नाबलिग गोकश समेत 2 गिरफ्तार:कुंवर नदी के किनारे खेत में मिले मांस के टुकड़े, 1 आरोपी पहले हुआ अरेस्ट
आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के सदरपुर (शाहपुर) गांव में कुंवर नदी के किनारे खेत में मिले दो गोवंश के कटे अवशेषों के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया है। इस मामले में 8 सितंबर की रात हुई मुठभेड़ में मो. साबिर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एक आरोपी अभी फरार है। थाना पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को कुंवर नदी के किनारे खेत में दो गोवंश के कटे हुए अवशेष पड़े मिले थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पशु चिकित्साधिकारी ने अवशेषों का परीक्षण कर जरूरी नमूने सुरक्षित किए। मामले में विजय कुमार यादव की तहरीर पर सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुअसं 228/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/8 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। मुठभेड़ में पैर में लगी थी गोली पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात आरोपियों से पुलिस टीम की मुठभेड़ हो गई। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में मो. साबिर के पैर में गोली लगी। उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने साबिर की निशानदेही पर अवैध तमंचा-कारतूस, घटना में इस्तेमाल चापड़, दो चाकू और लकड़ी का ठीहा बरामद करने का दावा किया है। दो को घेरकर पकड़ा, एक बाल अपचारी निकला पुलिस ने 10 सितंबर को दबिश देकर दो आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में एक की पहचान मो. सैफ पुत्र मो. समीम अहमद निवासी शाहपुर (सदरपुर), थाना सरायमीर के रूप में हुई। दूसरा बाल अपचारी पाया गया। मो. सैफ को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Read full article on Bhaskar