crime
आत्महत्या के लिए उकसाने पर बहू-माता-पिता गिरफ्तार:कोरबा में दीवार पर सुसाइड नोट और वीडियो से खुला प्रताड़ना का मामला, जेल भेजा
कोरबा कोतवाली थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मृतका की बहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल की दीवार पर मिले सुसाइड नोट, आत्महत्या से पहले भेजे गए वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मामला 27 अगस्त 2026 का है। लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 66/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। दीवार पर लिखा मिला सुसाइड नोट जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल की दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस के अनुसार, इसमें मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों से परेशान होने की बात लिखी थी। इसके अलावा मृतका ने आत्महत्या से पहले अपनी बहनों को एक वीडियो भी भेजा था। पुलिस ने वीडियो जब्त कर पंचनामा तैयार किया। मृतका की बहनों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद को लेकर घर में अक्सर तनाव रहता था। बहू और मायके पक्ष पर परेशान करने का आरोप परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका की बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग कथित तौर पर घर आकर उसे वहां से बाहर निकालने का दबाव डालते थे। मृतका के पति की पहले मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी। वह अपने मौजूदा पति और पहले पति की संतान के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच में मिले सुसाइड नोट, वीडियो और बयानों के आधार पर प्रथमदृष्टया अपराध पाए जाने के बाद अपराध क्रमांक 724/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए पुलिस ने मामले में पूर्णिमा महंत (24), सुमेरन बाई (45) और मिलन दास (55) को गिरफ्तार किया है। पूर्णिमा लक्ष्मण तालाब की निवासी है, जबकि सुमेरन बाई और मिलन दास ग्राम सोहागपुर, थाना उरगा के रहने वाले हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
Read full article on Bhaskar