top
आदर्श विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाने पर लगी रोक
भास्कर न्यूज | बक्सर जिले के आदर्श विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाए रखने और पढ़ाई की नियमितता बाधित न होने देने के लिए सरकार ने नई व्यवस्था लागू करने की पहल की है। इसके तहत अब आदर्श विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने से परहेज किया जाएगा। इसके साथ ही इन विद्यालयों में सामान्य परिस्थितियों में पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्था भी नहीं की जाएगी। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने जिलाधिकारी (डीएम) को पत्र भेजकर निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। विभाग का मानना है कि आदर्श विद्यालयों को बेहतर शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए वहाँ उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का उपयोग मुख्य रूप से पठन-पाठन के लिए होना चाहिए। परीक्षा केंद्र बनाए जाने या पुलिस बल के ठहराव से नियमित शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रभावित होती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए इनसे यथासंभव बचने की हिदायत दी गई है। छात्राओं की 75% उपस्थिति अनिवार्य सरकार ने छात्राओं की उपस्थिति को लेकर भी सख्ती दिखाई है। आदर्श विद्यालयों में छात्राओं की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया है, जिसकी विद्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग होगी। परीक्षा आयोजन के संदर्भ में निर्देश है कि आवश्यकता पड़ने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अन्य उपयुक्त विद्यालयों को केंद्र बनाने की अनुशंसा करेंगे।
Read full article on Bhaskar