politics
अजमेर में GCA कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग:NSUI ने किया प्रदर्शन, प्रिंसिपल को ज्ञापन देकर आंदोलन की दी चेतावनी
अजमेर के सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय (GCA) में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। NSUI ग्रामीण अध्यक्ष अंकित घारू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सोमवार को कॉलेज पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ता छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग को लेकर अपनी बात पर अड़े रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रिंसिपल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की। घोषणापत्र में चुनाव बहाली का वादा करने का आरोप NSUI ग्रामीण अध्यक्ष अंकित घारू ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने घोषणापत्र में सरकार बनने के बाद छात्रसंघ चुनाव बहाल करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। घारू ने कहा- छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से कॉलेज और विश्वविद्यालयों में छात्रों को अपनी समस्याओं को उठाने के लिए चुना हुआ प्रतिनिधि नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा- गरीब, किसान और मजदूर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को भी अपनी आवाज उठाने और अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। पेपर लीक और मूल्यांकन में गड़बड़ी के मुद्दे भी उठाए NSUI ने आरोप लगाया- छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों से जुड़े कई मुद्दे प्रभावी तरीके से सामने नहीं आ पा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक, कॉपियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी और सेमेस्टर प्रणाली से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। NSUI ने चेतावनी दी कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar