crime
अकाउंट में साइबर फ्रॉड के लाखों रुपए आए, युवक गिरफ्तार:चेक से निकालकर दोस्त को दिए; आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
सीकर की साइबर थाना पुलिस ने अपने अकाउंट में फ्रॉड की राशि मंगवाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ने फ्रॉड की राशि बैंक चेक के जरिए निकालकर अपने दोस्त को दे दी। अब पुलिस आरोपी दोस्त की तलाश कर रही है। सीकर की साइबर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। सीकर की साइबर थाना पुलिस को स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो से इनपुट मिला था कि सीकर के रहने वाले एक युवक के बैंक अकाउंट में फ्रॉड के 7 लाख रुपए आए हैं। इनमें 5 लाख रुपए पर पीड़ित के द्वारा साइबर पोर्टल पर शिकायत की गई थी। साइबर पुलिस थाने के ASI दीनदयाल ने शिकायत के आधार पर नमन चौकड़ीका (22) नवीन चौकड़ीका निवासी वार्ड नंबर 6 डोलियों का बास बजाज रोड के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। जब पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने बताया कि उसने एक दोस्त के कहने पर अकाउंट डिटेल दी थी। उसने अकाउंट में 7 लाख रुपए डलवाए। रुपए वह दोस्त लेकर चला गया। आरोपी को जेल भेजा पुलिस ने आरोपी नमन को ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रविवार को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके दोस्त की तलाश कर रही है। साइबर थाना पुलिस के अनुसार- पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह विक्सो ट्रेडिंग में इन्वेस्टमेंट करता है। उसे अच्छा प्रॉफिट मिल चुका था। जब वह उस प्रॉफिट को निकालना चाह रहा था तो ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े लोगों ने टैक्स के नाम पर 7 लाख रुपए जमा करवाए थे।
Read full article on Bhaskar