top
अलमारी से सामान निकालते समय सांप ने डसा:सीतापुर में महिला की मौत, घर की रखी अलमारी में छिपा था सांप
सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घर के बरामदे में रखी लकड़ी की अलमारी से सामान निकालते समय सांप के डसने से 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सर्पदंश के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। अलमारी में हाथ डालते ही सांप ने डसा थाना क्षेत्र के बारेपारा गांव निवासी रामरानी (72) पत्नी रामदत्त गुरुवार शाम घर के बरामदे में रखी लकड़ी की अलमारी से कुछ सामान निकाल रही थीं। जैसे ही उन्होंने अलमारी के अंदर हाथ डाला, वहां छिपे सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही रामरानी ने चीख-पुकार मचा दी। उनकी आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर परिजन रामरानी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रामरानी को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के मुताबिक, उन्हें जानकारी नहीं थी कि लकड़ी की अलमारी के अंदर सांप छिपा हुआ है। सामान निकालने के दौरान अचानक हुए सर्पदंश से महिला की जान चली गई।
Read full article on Bhaskar