crime
अशोकनगर में स्मैक की सप्लाई करने वाला अरेस्ट:15 ग्राम स्मैक के साथ 12 मोबाइल और 3.30 लाख रुपए नकद भी मिले
अशोकनगर शहर में स्मैक की सप्लाई करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 31 अक्टूबर की रात कटरा मोहल्ला से अंसार खान को पकड़ा। उसके पास से 15 ग्राम स्मैक, 12 मोबाइल फोन और 3 लाख 30 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 80 हजार रुपए है। आशंका है कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए स्मैक सप्लाई के नेटवर्क का संचालन करता था। बैग में रखकर बेच रहा था स्मैक पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटरा मोहल्ला निवासी अंसार खान पिता अशगर खान कुरैशी अपने घर के दरवाजे पर बैग में स्मैक रखकर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर बैग की तलाशी ली। तलाशी में 15 ग्राम स्मैक मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल फोन और 3 लाख 30 हजार रुपए नकद भी जब्त किए। पुलिस के मुताबिक, यह नकदी स्मैक की अवैध बिक्री से मिली थी। कुछ स्मैक पहले ही बेची जा चुकी थी। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज पुलिस ने अंसार खान के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में की गई। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान, उपनिरीक्षक जंग बहादुर सिंह तोमर, उपनिरीक्षक सोनम यादव, सहायक उपनिरीक्षक विनोद तिवारी और पुलिस स्टाफ शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar