education
ATKT पर प्रदर्शन, 5th सेमेस्टर में प्रवेश का आदेश जारी:शर्तों के साथ एंट्री, फर्स्ट और सेकंड सेमेस्टर के स्टूडेंट्स के साथ दिलानी होगी परीक्षा
पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी में छात्र अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों की सबसे बड़ी मांग एटीकेटी वाले विद्यार्थियों को 3rd ईयर और 5th सेमेस्टर में प्रवेश देने की थी। इसी बीच उच्च शिक्षा विभाग ने एटीकेटी को लेकर लिखित आदेश जारी कर दिया। इससे छात्रों की प्रमुख मांग पर सरकार की ओर से फैसला हो गया। राज्य शासन ने अकादमिक सत्र 2026-27 में स्नातक प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में एटीकेटी प्राप्त विद्यार्थियों को 5th सेमेस्टर में सशर्त प्रावधिक प्रवेश देने की अनुमति दी है। हालांकि, ऐसे विद्यार्थियों के लिए प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की एटीकेटी परीक्षा पास करना अनिवार्य होगा। यह परीक्षा नियमित विद्यार्थियों के साथ तय परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार होगी। प्रदर्शन के बीच आया लिखित आदेश छात्र यूनिवर्सिटी में एटीकेटी के अलावा कुल 8 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि एटीकेटी के कारण विद्यार्थियों को अगले साल में प्रवेश से रोकने पर उनका पूरा शैक्षणिक साल प्रभावित हो रहा है। वे इस संबंध में स्पष्ट लिखित आदेश जारी करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान ही उच्च शिक्षा विभाग का आदेश सामने आया, जिसमें 5th सेमेस्टर में सशर्त प्रवेश की अनुमति दी गई है। बाकी मांगों पर भी कार्रवाई की मांग छात्रों ने 1 से 5 अंक तक कम पाने वाले विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देने की मांग भी की है। इसके साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में सुधार, मार्कशीट में नाम, एबीसी आईडी और सब्जेक्ट कोड जैसी तकनीकी गलतियों को ठीक करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था, रिटोटलिंग के साथ रीचेकिंग और रीवैल्यूएशन का विकल्प देने की मांग की गई है। छात्रों ने जिंजर हॉस्टल की मरम्मत और मेस की व्यवस्था सुधारने, एनईपी के नियमों की जानकारी देने के लिए स्टूडेंट हेल्प डेस्क बनाने और यूनिवर्सिटी व संबद्ध कॉलेजों में पर्याप्त प्रोफेसर-शिक्षकों की नियुक्ति की मांग भी रखी है। एटीकेटी विद्यार्थियों के लिए क्या बदला सरकार के आदेश के बाद अब स्नातक प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में एटीकेटी वाले विद्यार्थी 2026-27 में 5th सेमेस्टर में सशर्त प्रवेश ले सकेंगे। लेकिन उन्हें प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की एटीकेटी परीक्षा नियमित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार पास करनी होगी। यानी 5th सेमेस्टर में प्रवेश मिलने के बाद भी एटीकेटी क्लियर करना जरूरी रहेगा।
Read full article on Bhaskar