politics
अवैध शराब-गांजा बिक्री के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं:बिलाईगढ़ में जुआ-सट्टा और घरेलू हिंसा बढ़ने का आरोप, TI बोले- शिकायत मिलने पर कार्रवाई कर रहे
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत खुरसुला में कथित अवैध शराब और गांजा बिक्री के साथ जुआ-सट्टा की गतिविधियों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। इन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप- नशे से बिगड़ रहा गांव का माहौल गांव की महिलाओं का आरोप है कि खुरसुला में लंबे समय से अवैध रूप से शराब और गांजे की बिक्री हो रही है। इसके साथ ही जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। महिलाओं के मुताबिक, इनका असर गांव के युवाओं के साथ बड़े-बुजुर्गों पर भी पड़ रहा है। नशे की वजह से गाली-गलौज, विवाद, मारपीट और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं होने का भी उन्होंने दावा किया। उनका कहना है कि इन गतिविधियों से गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का दावा महिलाओं का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी, लेकिन अवैध शराब बिक्री और नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। इसी से परेशान होकर ग्रामीणों ने अब खुद जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया। रैली के माध्यम से लोगों को शराब, गांजा, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहने का संदेश दिया गया। महिलाओं ने गांव में कथित अवैध शराब और गांजा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने के साथ जुआ-सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी बोले- शिकायत मिलने पर कर रहे कार्रवाई इस मामले में बिलाईगढ़ थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, खुरसुला में कार्रवाई हुई है या नहीं, यह देखना पड़ेगा। मैं अभी नया आया हूं। जहां-जहां शिकायत मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि वे गांव में नशे के कारोबार और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगी। अब ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन और पुलिस की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
Read full article on Bhaskar