politics
बाबूबरही में अधूरे नाले और जर्जर सड़क को लेकर धरना:जन सुराज पार्टी ने किया प्रदर्शन, निर्माण कार्य में देरी और अनियमितता का आरोप
बाबूबरही प्रखंड मुख्यालय में सड़क और नाला निर्माण में देरी व अनियमितता को लेकर लोगों का गुस्सा सामने आया है। पिछले आठ महीनों से यह काम चल रहा है। मंगलवार को जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने +2 जगदीश नंदन उच्च विद्यालय के मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अगुवाई पार्टी के जिला मंत्री सुनील कुमार मंडल ने की। धरना स्थल पर वक्ताओं ने निर्माण कार्य में प्राक्कलन की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण तो हो रहा है, लेकिन पानी निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। इससे बारिश का पानी जमा होता है और दुर्गंध फैलती है। इस वजह से बाजारवासियों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सड़क पर बने गड्ढों से रोजाना छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई प्रमुख संपर्क सड़कें भी बंद पड़ी हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क और नाला निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने वरीय अभियंताओं की टीम से निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग रखी। इसके अलावा, ऑटो स्टैंड का जल्द निर्माण करने और अत्यधिक ऊंचे नाले से प्रभावित दुकानदारों की समस्या सुलझाने की भी मांग की गई। धरना प्रदर्शन में देवेंद्र प्रसाद यादव, अजीत कुमार राम, मो अजीम, मो जमील अख्तर, आशुतोष कुमार मिश्रा, राम नारायण पंडित, प्रदीप कुमार राय, मो. अजीम, मो. जमील अख्तर और अशोक चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar