top
बाराचट्टी के बड़की चापी में डेंगू की आशंका पर जांच:स्वास्थ्य विभाग ने 22 सैंपल लिए, सभी निगेटिव
बाराचट्टी प्रखंड की भलूआ पंचायत के सुदूरवर्ती बड़की चापी गांव में डेंगू की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। गांव में पिछले कुछ दिनों में दो-तीन लोगों की मौत के बाद डेंगू फैलने की अफवाह से ग्रामीणों में चिंता का माहौल था। सूचना मिलने पर बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पदाधिकारियों और गया से पहुंचे चिकित्सकों ने मामले की जानकारी ली। डेंगू की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 22 लोगों के सैंपल एकत्र किए। इन सभी सैंपलों की जांच की गई, जिसमें किसी भी व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को बताया कि सभी सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही, उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी होने पर तत्काल अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी गई। जांच अभियान के दौरान बीडीओ अभिषेक कुमार, गया जिला मलेरिया प्रभारी डॉ. एम.ई. हक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. साबिबुल हक, प्रबंधक राकेश कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि जगदीश यादव और पंचायत के मुखिया सुरेंद्र यादव सहित कई अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह भी किया।
Read full article on Bhaskar