top
बिछवां में बाइक डिवाइडर से टकराई, देवर की मौत:भाभी गंभीर घायल, डीजे टेंट संचालक का करता था काम; मायके से ला रहा था घर
मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम जीटी रोड पर तिसौली गांव के पास सड़क हादसा हो गया। देवर-भाभी को लेकर जा रही बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में देवर की मौत हो गई, जबकि भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एटा के मलावन थाना क्षेत्र के दौलपुर गांव निवासी विवेक कुमार (30) पुत्र अमर सिंह लोधी मंगलवार को अपनी भाभी अर्चना (28) पत्नी शैलेंद्र सिंह को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। अर्चना रक्षाबंधन पर अपने मायके बेवर क्षेत्र के भीलपुर गांव गई थीं। विवेक उन्हें मायके से लेकर पैशन प्रो बाइक से घर जा रहे थे। तिसौली गांव के पास हुआ हादसा बताया जा रहा है कि तिसौली गांव के पास पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि विवेक और अर्चना दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान विवेक ने दम तोड़ दिया। अर्चना का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घर में सबसे छोटा था विवेक परिजनों के अनुसार, विवेक अविवाहित था और परिवार में सबसे छोटा था। वह डीजे और टेंट का कारोबार करता था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar