top
बागपत हादसे के मृतक किशोर के परिजनों को सहायता:बदायूं के रसूलपुर पुठी गांव पहुंचे विधायक, सीएम ने की थी 2 लाख की घोषणा
बागपत में पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में बदायूं के 13 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के तीसरे दिन बुधवार को सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता विधानसभा क्षेत्र के रसूलपुर पुठी गांव पहुंचे। उन्होंने यहां रहने वाले मुनीम नाम के नाबालिग लड़के के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें दो लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक सौंपा। विधायक शाम पांच बजे रसूलपुर गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों और गांव वालों से कहा कि किसी अपने को अचानक खो देने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताई। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे को गंभीरता से लिया है। उन्होंने दुर्घटना के तुरंत बाद मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। विधायक ने कहा कि मुनीम का असमय निधन परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल पटेल, मंडल अध्यक्ष रामचरन पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील यादव, हेमंत मिश्रा, आदेश शर्मा, रामसेवक यादव, कृष्ण पाल यादव, विशाल यादव और सतीश यादव समेत कई लोग मौजूद थे।
Read full article on Bhaskar