crime
भोपाल से ग्वालियर के लिए निकली मेडिकल की छात्रा लापता:फोन पर कहा-'ट्रेन से घर आ रही हूं', फिर बंद हुआ मोबाइल, सवा महीने तलाशता रहा पिता
ग्वालियर के ककरधा गांव में रहने वाली एक छात्रा लापता है। पिछले 12 वर्षों से जबलपुर में रहकर डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही 33 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। 6 अगस्त को छात्रा ने भोपाल से परिजन को फोन कर ट्रेन से ग्वालियर लौटने की बात कही थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। घटना भोपाल से ग्वालियर के बीच की है। सवा महीने तक अपने स्तर पर तलाश करने के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भोपाल जाने की बात कहकर निकली थी, 6 अगस्त से संपर्क टूटा ग्वालियर के चीनौर स्थित ककरधा गांव निवासी राकेश सिंह राजपूत की बेटी 33 वर्षीय निशा राजपूत वर्ष 2014 से जबलपुर में रहकर BAMS (मेडिकल) की पढ़ाई कर रही थी। जुलाई 2026 में निशा ग्वालियर आई हुई थी और 28 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे भोपाल जाकर पढ़ाई करने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद परिजन से उसकी फोन पर बातचीत होती रहती थी। 6 अगस्त को निशान ने किया भाई को आखिरी कॉल निशा ने अपने परिजन को आखिरी कॉल 06 अगस्त को किया था। निशा ने अपने भाई अमन राजपूत को फोन करके बताया था कि वह भोपाल से ट्रेन में बैठकर ग्वालियर घर लौट रही है। इसके बाद से ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया। सवा महीने तक परिजन तलाशते रहे फिर एसपी से लगाई गुहार छात्रा के घर न पहुंचने पर परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों और भोपाल व ग्वालियर के संभावित ठिकानों पर उसकी काफी खोजबीन की। परिजन भोपाल भी गए, लेकिन वहां भी उसका कुछ पता नहीं चला। परिजन जबलपुर भी पहुंचे जहां वह पहले रहती थी वहां भी उसका कुछ पता नहीं चला है। जब सवा महीने बाद भी उसका कोई पता नहीं चला और मोबाइल लगातार बंद आता रहा, तो परिजन पुलिस कप्तान (एसएसपी) धर्मवीर सिंह से मिले। एसएसपी के आदेश पर संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। CCTV खंगाल रही पुलिस निशा के परिजन आज पुलिस के पास पहुंचे हैं। जिस पर चीनौर थाना पुलिस ने शुक्रवार को अपहरण का मामला दर्ज किया है। अब चीनौर थाना पुलिस ग्वालियर रेलवे स्टेशन व भोपाल के भोपाल व कमलापति रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। जिससे छात्रा का कोई सुराग मिल सके। साथ ही पता लगा रही है कि मोबाइल बंद होने से पहले उसकी लास्ट लोकेशन कहां थी। लापता छात्रा का हुलिया पुलिस ने गुमशुदगी/अपहरण का मामला दर्ज कर छात्रा का हुलिया जारी किया है: · लंबाई: लगभग 5 फीट 4 इंच · रंग व चेहरा: गोरा रंग, गोल चेहरा · पहचान चिन्ह: बाईं आंख के पास काला तिल · पहनावा: घर से निकलते समय लाल रंग का सलवार-सूट पहना था। एएसपी ग्वालियर जयराज कुबेर का कहना "मेडिकल की पढ़ाई कर रही छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने पर अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। भोपाल से ग्वालियर के रेल मार्ग, स्टेशन के सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है। जल्द ही छात्रा को दस्तयाब कर लिया जाएगा।"
Read full article on Bhaskar