politics
बालाघाट में शनि जन्मोत्सव, मंदिरों में हवन-पूजन:हरियाली अमावस्या पर भी धार्मिक अनुष्ठान, भंडारे में भक्तों ने लिया प्रसाद
बालाघाट मुख्यालय में बुधवार को सूर्यपुत्र भगवान शनिदेव का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के शनि मंदिरों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में भक्तों ने शामिल होकर पूजन-अर्चन किया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। नगर के मेनरोड और प्रेमनगर स्थित शनिदेव मंदिरों को जन्मोत्सव के लिए आकर्षक रूप से सजाया गया था। यहां भगवान शनि महाराज का पुष्प श्रृंगार, महाआरती, अभिषेक, नवग्रह पूजन और शनि शांति हवन जैसे अनुष्ठान संपन्न हुए। भक्तों के लिए भंडारे और महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। शाम को 8 बजे महाआरती और रात्रि 9 बजे शनि देव जागरण के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बालाघाट नगर के नया सराफा स्थित प्राचीन शनि मंदिर के पुजारी पंडित जोशी ने बताया कि सावन हरियाली अमावस्या पर शनि जयंती को भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस दौरान महाआरती, तेल अभिषेक, हवन पूजन, भंडारा और महाप्रसाद का वितरण किया गया। भक्त गुरमीत पिंका जुनेजा ने जानकारी दी कि यह मंदिर 100 साल से भी अधिक पुराना है। यहां हर साल शनि जन्मोत्सव पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त पहुंचकर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
Read full article on Bhaskar