top
BSA के निरीक्षण में दो शिक्षक गैरहाजिर, वेतन रोका:जौनपुर में प्रधानाध्यापक भी स्कूल से गायब मिले, मिड-डे मील रजिस्टर में सितंबर की एंट्री नहीं
जौनपुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने सोमवार को मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नौवाड़ाडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में कई खामियां सामने आईं। दो सहायक अध्यापक बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जबकि प्रधानाध्यापक भी हाजिरी लगाने के बाद स्कूल से गायब मिले। मिड-डे मील रजिस्टर, साफ-सफाई, पढ़ाई और सरकारी मद से मिली धनराशि के इस्तेमाल में भी गड़बड़ी मिली। दो शिक्षकों का सितंबर का वेतन रोका निरीक्षण के समय सहायक अध्यापक अजय कुमार मिश्र और अर्चना कुमारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। बीएसए ने टाइम एंड मोशन शासनादेश का पालन नहीं करने पर दोनों का सितंबर माह का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं। दोनों शिक्षकों से अनुपस्थिति के संबंध में साक्ष्यों के साथ स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। हाजिरी लगाने के बाद प्रधानाध्यापक गायब जांच के दौरान प्रधानाध्यापक अमित कुमार गुप्त हाजिरी रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित मिले। रजिस्टर में गैरहाजिर शिक्षकों के कॉलम भी खाली पाए गए। बीएसए ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई का आदेश अलग से जारी किया जाएगा। मिड-डे मील रजिस्टर में सितंबर की एंट्री नहीं निरीक्षण में मिड-डे मील रजिस्टर की भी जांच की गई। इसमें सितंबर महीने की कोई एंट्री नहीं मिली। विद्यालय की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई की स्थिति भी खराब पाई गई। कक्षाओं में गंदगी और स्कूल परिसर में अव्यवस्था मिली। बच्चों का सीखने का स्तर भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया। इको क्लब तक नहीं बना, ग्रांट के इस्तेमाल पर सवाल विद्यालय में इको क्लब का गठन भी नहीं किया गया था। इसके अलावा कंपोजिट ग्रांट, टीएलएम और स्पोर्ट्स ग्रांट से मिली धनराशि के इस्तेमाल में भी अनियमितता सामने आई। निरीक्षण रिपोर्ट में विद्यालय के विकास के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि के उचित उपयोग को लेकर सवाल उठाए गए हैं। एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट बीएसए ने विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों और शिक्षामित्रों को परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही टाइम एंड मोशन व्यवस्था का पालन करने और उपलब्ध शिक्षण सामग्री का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने बच्चों को निर्धारित समय में निपुण बनाने के लिए गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
Read full article on Bhaskar