crime
बैतूल के देवेन्द्र हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार:अब तक हिरासत में पांच लोग, एक अभी भी फरार
बैतूल में देवेंद्र उर्फ डिब्बी राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में गंज पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी मृतक के दोस्त थे। गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद देवेंद्र को फोन कर बुलाया गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। दो आरोपी ग्रीनसिटी से गिरफ्तार टीआई नीरज पाल ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दीपक उर्फ दीपु उर्फ डेबरी और शुभम उर्फ फोकनर ग्रीनसिटी में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस बुधवार को हर्षित पवार, शिवम उर्फ लाला और पियूष बचले को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था देवेंद्र देवेंद्र की मौत 31 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उस शाम करीब साढ़े सात बजे उसे दोस्तों के फोन आए थे। दोस्तों के बुलाने पर वह घर से निकला था। जाने से पहले उसने अपनी मां मनीषा राजपूत से खाना बनाकर रखने को कहा था और बताया था कि वह पांच मिनट में लौट आएगा। रात करीब 11 बजकर 16 मिनट पर देवेंद्र घर लौटा, लेकिन उसकी हालत बेहद खराब थी। वह बेहोश था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक, कुछ लोग उसे घर छोड़कर गए थे। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शरीर पर कई चोटों के निशान मिले देवेंद्र के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले थे। परिजनों के मुताबिक, उसके सीने, दोनों हाथों, पैरों, पीठ और आंख के पास चोटें थीं। इन्हीं चोटों को लेकर परिजनों ने उसके साथ मारपीट की आशंका जताई थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मृतक की मां के बयानों के आधार पर पुलिस ने पाया कि देवेंद्र की मौत मारपीट से आई चोटों के कारण हुई। इसके बाद गंज थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी और मुखबिरों से जुटाए साक्ष्य पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच के आधार पर बुधवार को हर्षित पवार, शिवम उर्फ लाला और पियूष बचले को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को दीपक उर्फ दीपु उर्फ डेबरी और शुभम उर्फ फोकनर को भी पकड़ लिया गया। एक आरोपी अभी फरार टीआई नीरज पाल के मुताबिक, मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं अजय पिता जगन्नाथ डहेरिया निवासी ग्रीनसिटी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद देवेंद्र को फोन कर बुलाया गया था और उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई।
Read full article on Bhaskar