crime
बोदराघाटी पुलिया क्षतिग्रस्त, लांजी-सालेटेकरी बसें बंद:ड्राइवर डायवर्ट मार्ग पर बस चलाने को तैयार नहीं, यात्री परेशान
बालाघाट जिले में लगातार बारिश के कारण बोदराघाटी का वर्षों पुराना पुलिया क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते लांजी से सालेटेकरी होते हुए मोहगांव-मलाजखंड और बैहर से सालेटेकरी होते हुए लांजी तक चलने वाली बसों का परिचालन रविवार से बंद कर दिया गया है। इससे प्रतिदिन लगभग एक हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन प्रभावित हुआ है, जिसका असर एक दर्जन गांवों पर पड़ा है। लांजी से करीब 30-35 किलोमीटर दूर बोदराघाटी स्थित यह पुलिया जर्जर हो गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) उपसंभाग, लांजी ने इस मार्ग पर बड़े वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। सालेटेकरी के लिए अब सतुझोरी, टेकनी, संदूका, सायर, शांतिझोरी मार्ग से वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है। हालांकि, बस चालक इस मार्ग पर बस चलाने को तैयार नहीं हैं। बस चालक श्यामलाल ठाकरे ने बताया कि यह मार्ग ऊंचे घाटों और संकरा होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बस मालिक भी परमिट शर्तों के उल्लंघन और संभावित दुर्घटनाओं के डर से इस वैकल्पिक मार्ग पर बसों का संचालन नहीं करना चाहते। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री पुसनीन बाई ने बताया कि आवागमन बंद होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग उपसंभाग लांजी के एसडीओ सुखराम नेवारे ने बताया कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाते हुए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। नेवारे ने यह भी बताया कि बारिश के बाद पुलिया के निर्माण या मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar