top
छात्र बोले-'हेडमास्टर-BWO का ट्रांसफर करे दें सर':DM ने अंबेडकर आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण,अव्यवस्थाओं पर फटकारा
मोतिहारी के सुगौली प्रखंड स्थित सुगांव के अंबेडकर आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अधिकारियों की टीम के साथ विद्यालय का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, रसोईघर, कक्षा-कक्ष, छात्रावास और स्टोर रूम का जायजा लिया, साथ ही उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से किया संवाद निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भोजन, छात्रावास की व्यवस्था और साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कई छात्रों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की। छात्रों ने डीएम को विद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया। अधिकारियों और कर्मियों को सुधार लाने का निर्देश विद्यालय की व्यवस्था में कई खामियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालय की लचर व्यवस्था के लिए जो भी कर्मी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनकी जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दो दिन पहले छात्रों ने किया था धरना-प्रदर्शन जानकारी के अनुसार, इस निरीक्षण से दो दिन पहले छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद एसडीएम, एसडीपीओ, सहायक कल्याण निदेशक और जिला कल्याण पदाधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की थी। छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर एसडीएम, एसडीपीओ, जिला कल्याण पदाधिकारी, बीडीओ, बीईओ और सुगौली थानाध्यक्ष सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने विद्यालय की समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
Read full article on Bhaskar