crime
छात्रा की मौत पर LNIPE छात्रों का प्रदर्शन:परिवार को 50 लाख मुआवजे की मांग, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (एलएनआईपीई) के बाहर बुधवार को हजारों छात्र-छात्राएं जुट गए। छात्रों ने गुवाहाटी परिसर में हाल ही में हुई एक छात्रा की मौत के मामले में परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने समेत कई मांगें उठाईं। छात्रों ने मृत छात्रा को श्रद्धांजलि भी दी और कहा कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्रों के मुताबिक, मृत छात्रा का नाम श्रुति था। वह बीपीएड थर्ड ईयर की छात्रा और टेनिस खिलाड़ी थी। वह पिछले पांच से सात दिनों से तबीयत खराब होने की वजह से हेल्थ सेंटर जा रही थी। छात्रों का आरोप है कि उसे पेट दर्द और गैस की समस्या बताकर बार-बार दवाएं और पेनकिलर दी गईं। छात्रा ने मेडिकल लीव लेकर घर जाने की मांग भी की थी, लेकिन वार्डन ने उसे छुट्टी नहीं दी। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि बाद में श्रुति की हालत गंभीर हो गई। अपेंडिक्स फटने की वजह से उसके शरीर में संक्रमण फैल गया और इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। इसी मामले को लेकर ग्वालियर परिसर के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। छात्रों का कहना है कि गुवाहाटी परिसर में भी विद्यार्थी प्रदर्शन कर रहे हैं और जब तक उनकी मांगों पर फैसला नहीं होता, वे यहां से नहीं हटेंगे। एलएनआईपीई के प्रभारी कुलसचिव प्रो. यतेंद्र तोमर ने बताया कि संस्थान में हुई घटना दुखद है। पूरे एलएनआईपीई परिवार ने एक छात्रा को गंवाया है। उन्होंने कहा कि छात्रों से संपर्क कर उनकी मांगें जानने की कोशिश की गई है। कुलसचिव ने बताया कि कुलपति भी गुवाहाटी पहुंचकर वहां छात्राओं से चर्चा कर रही हैं। मामले की पूरी जांच के लिए एक समिति बनाई जाएगी और जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि छात्रा के इलाज का पूरा खर्च संस्थान ने उठाया। इसके अलावा, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी पैसे जमा कर परिवार की मदद की है। इंश्योरेंस समेत अन्य व्यवस्थाओं के तहत भी परिवार को सहयोग देने की कोशिश की जा रही है।
Read full article on Bhaskar