environment
छतरपुर के बान सुजारा बांध के 2 गेट खोले:धसान नदी का जलस्तर बढ़ा; निचले इलाकों में प्रशासन का अलर्ट जारी
छतरपुर-टीकमगढ़ जिले की सीमा पर स्थित बान सुजारा बांध का जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंच गया। इसके बाद जल संसाधन विभाग ने बांध के दो गेट खोलकर धसान नदी में पानी की निकासी शुरू कर दी। पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। जल संसाधन विभाग ने बान सुजारा बांध के कुल 12 गेट में से दो गेट खोले हैं। इनके जरिए धसान नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बांध में पानी की आवक और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। बान सुजारा परियोजना के एसडीओ रामसेवक शेजवार ने बताया कि बांध का जलस्तर अधिक बढ़ने के कारण दो गेट खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऊपरी क्षेत्रों में बारिश जारी रहती है और बांध का जलस्तर और बढ़ता है तो स्थिति के अनुसार अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं। देखिए तीन तस्वीरें... नदी किनारे के गांवों में अलर्ट बांध से पानी छोड़े जाने के बाद धसान नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के बढ़े हुए पानी में जाने और उसके आसपास अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की अपील की है। साथ ही आमजन से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग धसान नदी के जलस्तर के साथ-साथ बान सुजारा बांध की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Read full article on Bhaskar