top
डीएम के औचक निरीक्षण में स्कूल की खुली पोल:बच्चे घर से बर्तन लाकर खा रहे मिड-डे मील, हैंडवॉश-साबुन भी नहीं मिला
बिजनौर में डीएम जसजीत कौर ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय तैमूरपुर का औचक निरीक्षण किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से महज एक किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय में कई अव्यवस्थाएं मिलीं। बच्चों की कम उपस्थिति, मिड-डे मील के लिए पर्याप्त राशन और बर्तन नहीं होने के साथ हैंडवॉश-साबुन की व्यवस्था न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। कम मिली विद्यार्थियों की संख्या जिलाधिकारी ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। मौके पर विद्यार्थियों की संख्या काफी कम मिली। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय में पठन-पाठन का माहौल बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मिड-डे मील का सैंपल नहीं रखा था मध्याह्न भोजन व्यवस्था की जांच के दौरान प्रधानाध्यापक ने बताया कि शुक्रवार को तहरी बनाई गई थी। हालांकि, भोजन का सैंपल मौके पर सुरक्षित नहीं रखा गया था। निरीक्षण के दौरान मिड-डे मील के लिए पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं मिला। प्रधानाध्यापक ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से प्रतिदिन राशन भेजा जाता है। घर से बर्तन लाकर खाना खा रहे बच्चे विद्यालय में बच्चों के लिए मिड-डे मील खाने के पर्याप्त बर्तन भी नहीं मिले। बताया गया कि छात्र-छात्राएं अपने घर से बर्तन लेकर आते हैं। इसके अलावा हाथ धोने के लिए हैंडवॉश और साबुन की व्यवस्था भी नहीं मिली। भोजन का सैंपल सुरक्षित रखने के निर्देश डीएम ने प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन का सैंपल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में तत्काल पर्याप्त बर्तन उपलब्ध कराने और हैंडवॉश व साबुन की समुचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिड-डे मील की नियमित निगरानी करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता और मिड-डे मील की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar