top
DIG बोले- प्रधान नालायक है, ठीक कर देंगे:गोंडा में महिला की शिकायत पर बोले- वोट लेते हैं, व्यवस्था कौन करेगा, प्रधान के घर पर बिठा दो
गोंडा में DIG अशोक कुमार शुक्ल गुरुवार दोपहर को सुनवाई कर रहे थे। एक महिला शिकायत लेकर आई कि उसके ससुराल वाले उसे घर में नहीं रहने दे रहे हैं। इस पर DIG ने चौकी प्रभारी का फोन मिलाया और पूछा कि महिला की समस्या का समाधान क्यों नहीं हो रहा है। गुस्से में DIG ने पूछा कि प्रधान कौन है आपके यहां ? इस महिला के रहने की व्यवस्था कराइए। अगर दोबारा मेरे सामने यह मामला आया तो प्रधान जी की प्रधानी ठीक कर देंगे। वोट लेते हैं तो इनकी समस्या कौन सुनेगा। DIG ने खुद यह वीडियो देर शाम अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया है। मामला आर्यनगर चौकी क्षेत्र का है। एप्लीकेशन देकर रोने लगी महिला देवीपाटन रेंज के DIG अशोक कुमार शुक्ल दोपहर 12 बजे अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे थे। छतौनी गांव की रहने वाली महिला मंजू पहुंची और DIG के सामने रोने लगी। एप्लीकेशन देकर बताया कि मेरा पति विनोद मुझे घर पर नहीं रहने दे रहा है। घर में दो कमरे हैं, जिसमें से एक में देवर सर्वेश कुमार रहता है। एक कमरे में सास राधा देवी, ससुर सांवल प्रसाद, पति और मैं 3 बच्चों के साथ रहते हैं। पति मुझे खर्च भी नहीं देता है। महिला ने बताया कि भाजपा विधायक बावन सिंह फोन करके उनके पति की मदद कर रहे हैं। विधायक के फोन की वजह से थाने और चौकी पर भी मेरी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विधायक पर भी आरोप लगाया DIG ने महिला से पूछा कि तुमने विधायक से मुलाकात नहीं की क्या। उनसे मिलो और अपनी समस्या बताओ। मंजू ने बताया कि मेरे आगे-पीछे कोई नहीं है, मैं कहां जाऊंगी। आप ही मेरे रहने की कुछ व्यवस्था करा दीजिए। चौकी प्रभारी को फोन किया शिकायत सुनने के बाद DIG ने आर्यनगर चौकी प्रभारी अजय सिंह को फोन किया। उन्होंने पूछा कि तुम्हें मामले की जानकारी है या नहीं। चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला अकेले एक रूम मांग रही है। इस पर DIG ने कहा एक कमरा देवर का हो गया, एक सास-ससुर का हो गया तो आखिर जाएगी कहां। इंदिरा आवास न मिलने पर नाराजगी इसके गांव का प्रधान कौन है ? चौकी प्रभारी ने बताया कि गांव का प्रधान बलवंत चौधरी है। DIG ने कहा कि चौधरी जी किस बात के प्रधान हैं। इसे एक इंदिरा आवास क्यों नहीं दिलवा दिया। उन्होंने चौकी प्रभारी से कहा कि ये बहुत ही गलत बात है। अगर किसी को पकड़िए तो उसका अंतिम तक उद्धार करिए। आप रिपोर्ट दीजिएगा और SDM साहब से बात करिए। समाधान का भरोसा देकर वापस भेजा प्रधान जो है वो नालायक है... अगर वो चाहेगा तो इसको मिल जाएगा इंदिरा आवास। वो लोग अगर दबंगई कर रहे हैं तो इसका निदान कराइए, उनसे मिल के आइए आप। दोबारा मेरे सामने ये नहीं आनी चाहिए। प्रधान से कहिए कि प्रधानी भी ठीक कर देंगे। अगर इनकी व्यवस्था न कराए तो प्रधान जी के घर में ले जाकर इसे बैठा दो। वोट तो लेते हैं जब गरीब का, तो निस्तारण कौन करेगा इनका ? इसके बाद DIG ने महिला को समाधान का भरोसा देकर वापस भेज दिया। सास बोली- हर चीच के रुपये मांगती है बहू वहीं मंजू की सास राधा देवी ने बताया कि दो कोठरी का घर बना है। विनोद बड़ा बेटा है और सर्वेश छोटा है। सर्वेश की भी शादी हो गई है और उसके एक बच्चा है, जबकि बड़े वाले के तीन बच्चे हैं। हम लोग खेती-किसानी करने वाले लोग हैं। हमारा लड़का कोई नौकरी-चाकरी नहीं करता है। बहू के कोई भाई नहीं है केवल तीन बहनें ही हैं। वो मायके से पैसा पाई है इसलिए उन्हें घमंड है। वो कहती है कि हम बनाकर नहीं खिला पाएंगे। बेटे को एक टिफिन तक बनाकर नहीं दी। खाना बनाने के लिए रुपये मांगती हैं और कहती है कि 5,000 रुपये का महीना दो, नहीं तो रोज बनाने-खाने का दिहाड़ी के हिसाब से दो। कपड़े धोने के 100 रुपये चाहिए। हम लोग को तो समझ नहीं आता क्या करें। उसके बाद शिकायत कर आती है। चौकी प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि महिला मंजू देवी के पति दो भाई हैं। इनके घर पर सिर्फ दो कमरे हैं। एक कमरे में इनका देवर अलग रह रहा है। एक कमरे में बाकी लोग रहते हैं। महिला का कहना है कि उसको भी एक अलग कमरा दिया। पति का कहना है कि महिला खर्चा लेकर कुछ दिन यहां रहती है उसके बाद में अपने पिता के घर चली जाती है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जिससे महिला को कोई दिक्कत न हो। ------------------ यह खबर भी पढ़ें... गोंडा के बर्तन कारोबारी की हत्या:लखनऊ में KGMU पर मंत्री संजय निषाद और मुकेश साहनी का धरना; कहा- पूरी चौकी बर्खास्त हो गोंडा के व्यापारी की लखनऊ में इलाके दौरान मौत की सूचना पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे। परिवार को हर संभव मदद और न्याय का भरोसा दिया। कहा- लापरवाही पर पूरी चौकी बर्खास्त होनी चाहिए, नहीं तो धरना देंगे। 2 घंटे से पोस्टमार्टम हाउस पर कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद परिजनों के साथ डटे रहे। पढ़ें पूरी खबर...
Read full article on Bhaskar